गौरीबाजार-हाटा मार्ग पर रामपुर गांव के समीप हुआ हादसा, बच्चों को स्कूल लेकर जा रहा था ई-रिक्शा
देवरिया। गौरीबाजार-हाटा मार्ग पर रामपुर गांव के समीप मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में ई-रिक्शा चालक की मौत हो गई, जबकि स्कूल बस में सवार स्टाफ और बच्चों समेत नौ से अधिक लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ई-रिक्शा चालक तीन बच्चों को लेकर स्कूल जा रहा था। इसी दौरान गौरीबाजार की ओर से आ रही एक स्कूल बस अनियंत्रित होकर ई-रिक्शा से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ई-रिक्शा क्षतिग्रस्त हो गया और चालक की दर्दनाक मौत हो गई। ई-रिक्शा में सवार तीनों बच्चों को भी चोटें आईं।
हादसे के बाद स्कूल बस भी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक दीवार से जा टकराई। बस में सवार आधा दर्जन से अधिक स्कूल स्टाफ और तीन बच्चों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला और घटना की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है।
हादसे के बाद घटनास्थल पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस दुर्घटना के कारणों और स्कूल बस के चालक की भूमिका की जांच में जुटी है।

Post a Comment